सम्पूर्ण समाधान दिवस में 129 शिकायतें, 4 का मौके पर निस्तारण
जिलाधिकारी ने दिए त्वरित व गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश
जौनपुर। जिलाधिकारी डा. दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता में तहसील मछलीशहर के सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए मौके पर निस्तारण कराया तथा शेष प्रकरणों को संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।समाधान दिवस में ग्राम घिसुआं की दुलारी देवी ने शिकायत की कि उनके पति जीवित हैं, बावजूद इसके गांव में एक ही नाम के दो व्यक्ति होने के कारण उनके पति को मृत दिखाकर वरासत किसी अन्य के नाम दर्ज कर दी गई है। इस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार को तत्काल जांच कर त्रुटि का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्राम गडवादोदक की फातमा बेगम ने नया राशन कार्ड बनाए जाने का अनुरोध किया, जिस पर जिलाधिकारी ने पूर्ति निरीक्षक को पात्रता की जांच कर राशन कार्ड बनाए जाने के निर्देश दिए। वहीं चकघसीटा निवासी त्रिभुवन ने तालाब खाते की भूमि से अतिक्रमण न हटने की शिकायत की, जिस पर उपजिलाधिकारी को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम घिसुआं की रेखा द्वारा वरासत दर्ज न किए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षक एवं लेखपाल को तत्काल वरासत दर्ज करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में कुल 129 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने तहसील के विभिन्न कार्यालयों एवं पटलों का निरीक्षण किया। उपजिलाधिकारी न्यायालय के निरीक्षण के दौरान लंबित पुरानी पत्रावलियों का अवलोकन कर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। दाखिल-दफ्तर, संग्रह कार्यालय एवं रिकॉर्ड रूम के निरीक्षण के दौरान ऑनलाइन आरसी, स्टांप रजिस्टर, म्यूटेशन, दाखिल-खारिज, खसरा-खतौनी सहित अन्य अभिलेखों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान अधिवक्ता संघ मछलीशहर के अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों ने तहसील परिसर में शौचालय निर्माण एवं साफ-सफाई की मांग रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने ईओ को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने, पिंक शौचालय को क्रियाशील करने तथा नए शौचालय के निर्माण हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में वृद्ध फरियादी विद्यावती ने पेंशन के लिए अनुरोध किया, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को पात्रता की जांच कर तत्काल अग्रेतर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही अन्य वृद्धजनों को कंबल भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी मछलीशहर सौरभ कुमार, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा, उपनिदेशक कृषि, डीडीओ, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. ओ.पी. श्रीवास्तव सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

