फर्जी आरोप लगाकर मुकदमे में फँसाने का आरोप, एसपी से की शिकायत
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मण्डवीवर उर्फ पचहटियाँ गांव निवासी व पूर्व प्रधान रतन सिंह चौहान ने अपने विरुद्ध फर्जी प्रार्थना पत्र देकर झूठे मुकदमे में फँसाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से ऑन लाइन शिकायत की है।
एसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में रतन सिंह चौहान ने बताया कि दिनांक 15 नवंबर 2025 को शिवउजागीर चौहान द्वारा उनकी पत्नी संगीता चौहान के पक्ष में एक दानपत्र निष्पादित किया गया था। आरोप है कि दानपत्र से क्षुब्ध होकर शिवउजागीर चौहान की पत्नी किसूनी देवी द्वारा लगातार मनगढ़ंत और निराधार आरोप लगाते हुए विभिन्न स्थानों पर प्रार्थना पत्र दिए जा रहे हैं।
शिकायत में कहा गया है कि हाल ही में किसूनी देवी द्वारा यह आरोप लगाया गया कि उनके पति शिवउजागीर चौहान का अपहरण कर लिया गया है, जबकि यह आरोप पूरी तरह असत्य है। प्रार्थी के अनुसार शिवउजागीर चौहान वर्तमान समय में अपने घर पर सुरक्षित हैं और अपनी पत्नी के साथ रह रहे हैं।
रतन सिंह चौहान ने पुलिस अधीक्षक से मामले का संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच कराने तथा झूठे आरोपों से बचाने के लिए थाना लाइन बाजार को आवश्यक निर्देश देने की मांग की है। उनका कहना है कि फर्जी शिकायतों के कारण उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।

