नये पुलिस कप्तान ने महिला सुरक्षा को लेकर चलाया व्यापक जागरूकता अभियान
महिला पुलिस टीम ने नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन के संदेश के साथ महिलाओं को उत्तर प्रदेश पुलिस की सेवाओं तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान महिलाओं से अपील की गई कि वे सजग रहें, सुरक्षित रहें और आवश्यकता पड़ने पर हेल्पलाइन सेवाओं का तत्काल उपयोग करें।
जागरूकता कार्यक्रम में महिला पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। छात्राओं को चाइल्ड लाइन 1098, एम्बुलेंस सेवा 108 एवं स्वास्थ्य सेवा 102 के उपयोग के बारे में भी बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को गुड टच–बैड टच, घरेलू हिंसा से संबंधित कानूनी प्रावधान, साइबर अपराधों के खतरों एवं उनसे बचाव के उपायों पर मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के लाभों की जानकारी दी गई।
महिला पुलिस टीम ने बताया कि जनपद के प्रत्येक थाने पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां महिलाओं को त्वरित सहायता, परामर्श, शिकायत निस्तारण एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं एवं छात्राओं से निर्भीक होकर अपनी समस्याएं साझा करने और किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने की अपील की।

