संपूर्ण समाधान दिवस में 179 शिकायतें प्राप्त, 28 का मौके पर निस्तारण
जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह की उपस्थिति में तहसील केराकत सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना स्थलीय निरीक्षण एवं शिकायतकर्ता से वार्ता किए किसी भी शिकायत का निस्तारण न किया जाए।
कार्यक्रम में ग्राम नरहन निवासी संतश्री रामजनम नागर ने रामजानकी मंदिर एवं आश्रम निर्माण में व्यवधान की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार एवं सीओ चकबंदी को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं ग्राम मुरलीपुर के अश्वनी उपाध्याय ने भूमि कब्जे की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर उप जिलाधिकारी को जांच कर निस्तारण के निर्देश दिए गए।
ग्राम टुसौरी निवासी जितेन्द्र सिंह ने सरकारी चकरोड व नवीन परती भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत की, जिस पर राजस्व टीम को पैमाइश कर आख्या प्रस्तुत करने को कहा गया।
ग्राम सुरतपुर की पूजा ने शाही किले में आयोजित सामूहिक विवाह में शामिल किए जाने की मांग रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को पात्रता जांच कर योजना में सम्मिलित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि आबादी से जुड़े मामलों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम समन्वय बनाकर कार्य करे, जिससे शिकायतों का प्रभावी निस्तारण हो सके।
इस अवसर पर कुल 179 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 28 का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

