पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त शुक्रवार, जिले में ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ के रूप में होगा कार्यक्रम
जौनपुर। उप कृषि निदेशक वी. बी. द्विवेदी ने बताया कि 13 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गुवाहाटी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी की जाएगी। इस अवसर पर जनपद में ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम की सीधा प्रसारण व्यवस्था जनपद के सभी विकास खंडों, कृषि विज्ञान केंद्रों तथा ग्राम पंचायतों में अपराह्न तीन बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक की जाएगी। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि, सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, ग्राम प्रधान, प्रगतिशील किसान तथा सम्मानित कृषक भाग लेंगे।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि कृषि विज्ञान केंद्र, किसान उत्पादक संगठन, सहकारिता विभाग, मंडी समिति, प्रधानमंत्री कृषि समृद्धि केंद्र तथा प्राथमिक कृषि ऋण समितियों के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लाभार्थियों के वीडियो संदेश कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के सामाजिक माध्यमों पर भी साझा किए जाएंगे।
कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक, कृषि विशेषज्ञ तथा कृषि विभाग के अधिकारी और कर्मचारी किसानों को विभागीय योजनाओं तथा खेती की नई तकनीकों के बारे में जानकारी देंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत अब तक जनपद के 6,72,370 किसानों का डाटा मुख्यालय को भेजा जा चुका है।
जिला प्रशासन ने जनपद के सभी किसान भाइयों और बहनों से अपील की है कि वे ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और कृषि की नई तकनीकों का लाभ उठाएं।

