सड़क पर बह रहे पानी से बड़ी दुर्घटनाएं, शिकायत के बाद हरकत में आया प्रशासन
जौनपुर। जौनपुर–अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुत्तूपुर के पास एक वाहन एजेंसी द्वारा सड़क पर लगातार पानी बहाए जाने से सड़क क्षतिग्रस्त होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए एक समाजसेवी द्वारा मुख्यमंत्री से शिकायत किए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सड़क पर पानी बहाने पर रोक लगाते हुए वाहनों की धुलाई बंद करा दी।
बताया जाता है कि कुत्तूपुर के पास स्थित एक वाहन एजेंसी के सामने लंबे समय से वाहनों की धुलाई का पानी सड़क पर बहाया जा रहा था। इससे सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए थे और सड़क की परत उखड़ने लगी थी। परिणामस्वरूप इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था और आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। खासकर अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी उठानी पड़ रही थी।
इस समस्या को लेकर जर्रो मल्हनी निवासी अधिवक्ता एवं समाजसेवी अजय कृष्ण यादव उर्फ बबलू सारंग ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर शिकायत की। उन्होंने संबंधित विभागों से आईजीआरएस के माध्यम से यह भी जानकारी मांगी कि आखिर किस अधिकार से राष्ट्रीय राजमार्ग पर इस प्रकार पानी बहाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क पर पानी बहने से दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं और इससे अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मामले को मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा गंभीरता से लिए जाने के बाद जिला प्रशासन को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एजेंसी संचालकों को सड़क पर पानी बहाने से रोकते हुए वाहनों की धुलाई तत्काल बंद करने का निर्देश दिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अमरेंद्र पांडेय ने बताया कि सड़क पर पानी बहाने वालों को सख्त हिदायत दी गई है कि कोई भी व्यक्ति सड़क पर पानी न बहाए और न ही अतिक्रमण करे। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कुत्तूपुर से सिद्दीकपुर तक सड़क किनारे पानी बहाने और अतिक्रमण करने वालों को भी रोक लगाने की चेतावनी दी है।

