खेल मंत्री के पीआरओ के इस्तीफे की चर्चा से सियासी हलचल

 कार्यालय से लेकर संगठन व जिले में तेज हुए कयास

जौनपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव के जनसम्पर्क अधिकारी इं. कृष्ण कुमार जायसवाल उर्फ मुन्नू के पद से इस्तीफा देने की चर्चा इन दिनों राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में तेजी से फैल रही है। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है, लेकिन मंत्री कार्यालय, पार्टीजनों और जिले के राजनीतिक हलकों में इसे लेकर तरह—तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

सूत्रों की मानें तो श्री जायसवाल ने पिछले सप्ताह ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, लेकिन इस संबंध में कोई जिम्मेदार अधिकारी स्पष्ट रूप से कुछ कहने से बच रहा है। फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर मंत्री कार्यालय से लेकर राजधानी तक के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर जारी है।

बताया जाता है कि मूल रूप से खेतासराय कस्बे के निवासी श्री जायसवाल लंबे समय से संगठनात्मक राजनीति से जुड़े रहे हैं। वह करीब तीन दशक से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और भारतीय जनता पार्टी में सक्रिय रहकर नगर निकाय, विधानसभा और लोकसभा चुनावों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। वर्तमान में वह जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट के समीप निवास करते हैं।

संगठन में भी उनका लंबा अनुभव रहा है। वह भारतीय जनता युवा मोर्चा में जिला महामंत्री, मंडल प्रभारी, विधानसभा प्रभारी/संयोजक, मंत्री के मुख्य चुनाव अभिकर्ता और क्षेत्रीय महामंत्री समेत कई दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। इसके अलावा खेतासराय स्थित एक इंटर कॉलेज के प्रबंधक होने के साथ ही कई सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं से भी जुड़े हुए हैं।

ऐसी जानकारी नहीं है: कार्यालय प्रभारी

इस संबंध में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री के कार्यालय प्रभारी ब्रह्मेश शुक्ला से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि उन्हें इस प्रकार की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि इस विषय में सही जानकारी माननीय मंत्री जी ही दे सकते हैं।

मीडिया प्रभारी से संपर्क नहीं हो सका

मंत्री श्री यादव के मीडिया प्रभारी मनीष श्रीवास्तव से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ होने के कारण बात नहीं हो सकी।

जानकारी नहीं, लेकिन संगठन में काम की इच्छा जताई थी: जिलाध्यक्ष

भाजपा जिलाध्यक्ष से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि उन्हें इस तरह की कोई जानकारी नहीं है, हालांकि कुछ दिन पहले श्री जायसवाल ने संगठन में सक्रिय रूप से कार्य करने की इच्छा अवश्य जताई थी। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीति के अनुसार एक व्यक्ति एक समय में दो पदों पर नहीं रह सकता।

संगठन का कार्यकर्ता हूं, आगे भी सेवा करता रहूंगा: जायसवाल

इं. कृष्ण कुमार जायसवाल से इस्तीफे की चर्चा के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने स्पष्ट जवाब देने से परहेज किया, लेकिन इतना जरूर कहा कि वह लगभग तीन दशक से भाजपा के कार्यकर्ता रहे हैं और आगे भी संगठन में रहकर कार्य करते रहेंगे।

मंत्री से संपर्क का प्रयास असफल

इस विषय में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव से दूरभाष के माध्यम से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनसे बात नहीं हो सकी।

Related

डाक्टर 4860678541653658403

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item