अराजकतत्वों ने लगाई आग, दो एकड़ सरसों की फसल जलकर राख — किसान की सालभर की मेहनत बर्बाद
बदलापुर (जौनपुर):थाना क्षेत्र के देवरिया गांव में अज्ञात अराजकतत्वों द्वारा आग लगाए जाने से किसान की लगभग दो एकड़ सरसों की फसल जलकर राख हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार में मातम का माहौल है।
ग्राम देवरिया पोस्ट बरपुर निवासी अभयराज यादव व उदयराज यादव ने अपनी करीब दो एकड़ जमीन में सरसों की खेती की थी। फसल काटकर मड़ाई के लिए खेत में ही एकत्र कर रखी गई थी। बताया जाता है कि रविवार शाम करीब सात बजे अज्ञात अराजकतत्वों ने सरसों के ढेर में आग लगा दी।
आग की लपटें उठती देख गांव के लोग चारों तरफ से दौड़कर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। काफी प्रयास के बावजूद ग्रामीण आग पर काबू नहीं पा सके और देखते ही देखते पूरी सरसों की फसल जलकर राख हो गई।
घटना की सूचना ग्रामीणों ने डायल 100 पर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित परिवार ने बताया कि यह फसल उनकी सालभर की मेहनत का सहारा थी, जिसके जल जाने से परिवार पर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों व परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए।

