“स्वच्छ पर्यावरण का संकल्प, स्वस्थ जीवन का संदेश: जौनपुर में गूंजा जागरूकता का बिगुल”
जौनपुर। जिला विज्ञान क्लब द्वारा आयोजित “स्वच्छ पर्यावरण एवं स्वस्थ जीवन” विषयक जागरूकता कार्यक्रम शुक्रवार को राष्ट्रीय पब्लिक इंटर कॉलेज, हुसेपुर कबूलपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ साल्वेशन अस्पताल के डॉक्टर विवेक श्रीवास्तव, मुख्य अतिथि पूर्व विधायक डॉ. हरेंद्र प्रसाद सिंह, जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक विपनेश कुमार श्रीवास्तव एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य विनय कुमार श्रीवास्तव ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. हरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को जीवन में अनुशासन और सही जानकारी के महत्व को बताते हुए कहा कि अधूरी जानकारी के कारण कोई भी बच्चा गंभीर बीमारी का शिकार न हो, इसके लिए सतर्क रहना जरूरी है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि बढ़ती जनसंख्या के साथ-साथ पेड़-पौधों का विस्तार भी आवश्यक है, क्योंकि यही हमारे जीवन के मूल आधार हैं।
डॉक्टर विवेक श्रीवास्तव ने बच्चों को स्वच्छता और स्वास्थ्य के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से शुद्ध पेयजल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सभी के पास आरओ की सुविधा उपलब्ध नहीं होती, इसलिए पानी को उबालकर सेवन करना चाहिए, जिससे बीमारियों से बचा जा सके। उन्होंने स्वच्छ आदतों को अपनाने पर भी बल दिया।
जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक विपनेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के निर्देशन में जिलाधिकारी के माध्यम से ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच के साथ जागरूक बनाया जा सके।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य विनय कुमार श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन शिवचंद प्रजापति ने किया। इस अवसर पर रमेश चंद्र जायसवाल, अवनीश सिंह, जिला पंचायत सदस्य आमोद सिंह, सूबेदार सिंह, सूरज मिश्रा, निशांत श्रीवास्तव सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

