सऊदी अरब में हादसा: सीढ़ी से गिरकर युवक की मौत
जानकारी के अनुसार बरंगी गांव निवासी मो. हारिश (24) पुत्र मुशीर अहमद करीब तीन वर्ष पहले रोजी-रोटी की तलाश में सऊदी अरब गया था। वह रियाज शहर की सनय्या जदीद कंपनी में बिजली टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत था। गुरुवार की शाम वह दीवार पर लगे पंखे की जाली से पानी टपकने की समस्या को ठीक करने के लिए सीढ़ी लगाकर सिलिकॉन भरने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीढ़ी से फर्श पर औंधे मुंह गिर पड़ा।
बताया जा रहा है कि गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लग गई और अधिक रक्तस्राव होने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। साथी कर्मचारियों द्वारा अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। इससे पहले उसके एक भाई की भी मौत हो चुकी है। परिवार में दो बहनें हैं, जिनमें एक की शादी हो चुकी है। इस हादसे की सूचना मिलते ही घर में मातम पसर गया। मां शगुफ्ता बदहवास हो गईं, जबकि पिता मुशीर अहमद गहरे सदमे में हैं।
परिजन विदेश से बेटे का शव गांव लाने के लिए आवश्यक कागजी प्रक्रिया में जुटे हुए हैं। युवक की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

