राम नवमी पर आस्था का सैलाब, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा जौनपुर
जौनपुर। चैत्र राम नवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को नगर में युवा बजरंग दल के तत्वावधान में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और “जय श्रीराम” के गगनभेदी नारों से पूरा शहर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।
अहियापुर स्थित श्री राम जानकी मंदिर से प्रारंभ हुई शोभायात्रा में हाथी, घोड़ा, ऊंट, आकर्षक रथ, डीजे, बैण्ड-बाजा और ढोल-ताशों के साथ सजीव झांकियां शामिल रहीं। भगवान श्रीराम की सुसज्जित पालकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया और आरती उतारकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
नगर के विभिन्न स्थानों पर हिन्दू संगठनों द्वारा तोरण द्वार बनाकर एवं भगवा ध्वजों से पूरे शहर को सजाया गया था। शोभायात्रा अहियापुर, सब्जी मंडी, कोतवाली चौराहा, चहारसू चौराहा और ओलंदगंज होते हुए कजगांव पड़ाव पहुंची, जहां मंच से भगवान श्रीराम की भव्य आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
मुख्य अतिथि सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह एवं सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने नारियल फोड़कर और हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा, वहीं कोतवाली चौराहे पर बनाए गए कंट्रोल रूम से शोभायात्रा का सजीव प्रसारण भी किया गया।
मार्ग में विभिन्न समितियों द्वारा स्टॉल लगाकर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन बोल बम कांवरिया संघ के पदाधिकारियों की देखरेख में संपन्न हुआ।
इस आयोजन को सफल बनाने में सुभाष गर्ग, श्रवण चौरसिया, विनोद कुमार केसरवानी, मुनालाल सेठ, जिलाजीत सेठ, राजकुमार, गौतम सोनी, सुधीर साहू बम, विजय गुप्ता, अविनाश गुप्ता, मानिक चंद सेठ, शिवम अग्रहरि, प्रशांत जायसवाल, महेंद्र सोनकर, सुधीर जायसवाल, शिवप्रसाद बिंद, भानु जायसवाल, वैभव कसौधन, उमेश गुप्ता, बबलू मिश्रा, संजय मोदनवाल, आशीष बोस, संजय गुप्ता, संतोष सेठ, अजय सेठ सहित अनेक लोगों का सराहनीय योगदान रहा।
बजरंग दल के अध्यक्ष रंजीत अग्रहरि एवं महासचिव संजीव चौरसिया ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। ध्वनि विस्तारक यंत्र से कार्यक्रम का संचालन एवं प्रसारण हर्ष गुप्ता द्वारा किया गया।

