फायरिंग कांड के दो आरोपी असलहे संग गिरफ्तार
![]() |
| वारदात में घायल लक्ष्मीशंकर यादव |
जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के दुधौरा चौराहे पर गुरुवार सुबह हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को घटना में प्रयुक्त अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार कर लिया।
सुबह करीब साढ़े 10 बजे डायल 112 के जरिए सूचना मिली थी कि समोधीपुर निवासी 45 वर्षीय लक्ष्मीशंकर यादव पर फायरिंग की गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल घेराबंदी और तलाश अभियान शुरू किया। इसी दौरान नामजद आरोपी प्रमोद यादव और धर्मा सिंह को पकड़ लिया गया। तलाशी में उनके पास से वारदात में प्रयुक्त तमंचा बरामद हुआ।
एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे पूछताछ में पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल रहा, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लोगों ने राहत की सांस ली है।

