खाद्य लाइसेंस आजीवन मान्यता के फैसले पर व्यापारियों ने बांटी मिठाई
जौनपुर। खाद्य लाइसेंस को आजीवन मान्यता दिए जाने के सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने गल्ला मंडी क्षेत्र में व्यापारियों के बीच मिठाई बांटकर खुशी जताई और सरकार का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष दिनेश टंडन ने कहा कि खाद्य लाइसेंस को आजीवन मान्यता देने का सरकार का निर्णय स्वागत योग्य है। खाद्य व्यापार से जुड़े सभी व्यापारियों के लिए यह बड़ी राहत है। उन्होंने इस फैसले के लिए सरकार का धन्यवाद देते हुए व्यापारियों को बधाई दी।
नगर अध्यक्ष राधेरमण जायसवाल ने कहा कि यह उद्योग व्यापार मंडल की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। सरकार का यह निर्णय व्यापारियों के लिए राहत भरा है और इससे व्यापार करने में सुगमता बढ़ेगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष सोमेश्वर केसरवानी और प्रदेश मंत्री महेंद्र सोनकर ने कहा कि सरकार के इस फैसले से छोटे और बड़े व्यापारियों को बार-बार लाइसेंस नवीनीकरण की प्रक्रिया और अनावश्यक कागजी कार्यवाही से मुक्ति मिलेगी।
इस अवसर पर जिला महामंत्री रामकुमार साहू, नगर महामंत्री मुन्नालाल अग्रहरि, नगर कोषाध्यक्ष अनिल कुमार वर्मा, अनाज व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष सुनील जायसवाल, मीडिया प्रभारी यशवंत साहू, विजय अग्रहरी, चेतन टंडन, दिनेश अग्रहरि, मंगला साहू, विजय जायसवाल, संजय साहू, अरुण कपूर, मनोज साहू, गुलजारी लाल गुप्ता, दिलीप साहू सहित अन्य पदाधिकारी और व्यापारी उपस्थित रहे।

