पुराने विवाद को लेकर मारपीट, महिला समेत चार पर प्राथमिकी दर्ज
गौराबादशाहपुर (जौनपुर): स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम असवारा में पुरानी रंजिश को लेकर एक दंपती के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर एक महिला सहित चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ग्राम असवारा निवासी सभाजीत यादव पुत्र रामलाल यादव उर्फ लल्ला ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि बीते 11 मार्च की रात करीब 08:30 बजे गांव के ही कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश को लेकर उन्हें घेर लिया। आरोप है कि सतीशचन्द्र यादव, रविकान्त (दोनों पुत्रगण श्यामजीत यादव), शीला देवी पत्नी श्यामजीत और प्रतिभा पत्नी सतीशचन्द्र ने एकजुट होकर उन्हें और उनकी पत्नी उषा देवी को भद्दी-भद्दी गालियां दीं। विरोध करने पर उक्त लोगों ने दंपती को लात-घूसों से जमकर पीटा, जिससे दोनों को काफी चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के बाद विपक्षियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने इस मामले में सतीशचन्द्र यादव, शीला देवी, प्रतिभा और रविकान्त के विरुद्ध मामला पंजीकृत किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उपनिरीक्षक बीरेन्द्र प्रसाद को मामले की जांच सौंपी गई है।

