फूड लाइसेंस कैम्प में उमड़ा व्यापारियों का उत्साह, 238 नये रजिस्ट्रेशन व 44 नवीनीकरण
जौनपुर। भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल जौनपुर द्वारा खाद्य एवं औषधि प्रशासन के सहयोग से नगर के कोतवाली चौराहे पर आयोजित फूड लाइसेंस कैम्प एवं व्यापारी जागरूकता शिविर में व्यापारियों का उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह ने किया।
कैम्प के दौरान कुल 238 नये फूड लाइसेंस रजिस्ट्रेशन तथा 44 लाइसेंस के नवीनीकरण के आवेदन प्राप्त हुए, जिससे व्यापारियों में जागरूकता और भागीदारी का अंदाजा लगाया जा सकता है।
मुख्य अतिथि नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि व्यापार मंडल द्वारा व्यापारी हित में इस तरह के कैम्प आयोजित करना एक सराहनीय पहल है। इससे न केवल व्यापारियों को सुविधा मिलती है, बल्कि नियमों के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल रावत ने कहा कि खाद्य कारोबार से जुड़े प्रत्येक व्यापारी के लिए लाइसेंस अनिवार्य है। उन्होंने अपील की कि जो व्यापारी अभी तक लाइसेंस नहीं बनवा पाए हैं, वे ऐसे कैम्प का लाभ उठाएं। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंजू यादव ने बताया कि 1 अप्रैल से लागू संशोधनों का नोटिफिकेशन अभी विभाग को प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन रजिस्ट्रेशन सीमा बढ़ाकर 12 लाख से 1.5 करोड़ कर दी गई है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपराजिता तिवारी ने व्यापारियों को साफ-सफाई और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष विवेक सिंह ने कहा कि संगठन का उद्देश्य व्यापारियों के हितों की रक्षा करना है और इसी उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे कैम्प आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे भी व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन निरंतर प्रयासरत रहेगा।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री आशीष चौरसिया, प्रदीप सिंह रिंकू, नगर अध्यक्ष जयकृष्ण साहू, जिला युवा अध्यक्ष धीरज गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी व्यापारियों से संगठन से जुड़ने और नियमों का पालन करने की अपील की।
अंत में अतिथियों का स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मान किया गया तथा कार्यक्रम का संचालन योगेश साहू ने किया। विनय साहू ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

