विश्वविद्यालयीय समागम से विद्यार्थियों को मिलती है आगे बढ़ने की प्रेरणा : प्रो. वंदना सिंह
बदलापुर, जौनपुर। 34वां विश्वविद्यालयीय रोवर्स रेंजर्स समागम-2026 का भव्य उद्घाटन वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध सल्तनत बहादुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. वंदना सिंह द्वारा किया गया। समागम में उत्साह, अनुशासन और प्रतिभा का शानदार संगम देखने को मिला।
उद्घाटन अवसर पर कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि ऐसे विश्वविद्यालयीय समागम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उनमें नेतृत्व, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि रोवर्स-रेंजर्स गतिविधियां युवाओं को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं और उन्हें राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करती हैं। उन्होंने आयोजन की भव्यता और व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस समागम में जौनपुर एवं गाजीपुर जनपद की जनपदीय समागम से चयनित कुल आठ विजेता टीमों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की शुरुआत में महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष एडवोकेट राकेश कुमार सिंह, प्रबंधक श्याम सिंह, प्राचार्य प्रो. सुनील प्रताप सिंह एवं आयोजन सचिव डॉ. कर्मचंद यादव सहित महाविद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथि का बुके, स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में जी.बी. पंत महाविद्यालय प्रतापगंज के प्राचार्य प्रो. राकेश कुमार पाण्डेय, राजा हरपाल सिंह महाविद्यालय सिंगरामऊ के प्राचार्य प्रो. अरुण सिंह तथा पूर्व प्राचार्य प्रो. ब्रजेंद्र सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम संयोजक एवं प्राचार्य प्रो. सुनील प्रताप सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए समागम की रूपरेखा प्रस्तुत की।
07 अप्रैल 2026 से प्रारंभ इस समागम में राजकीय महिला महाविद्यालय गाजीपुर, पीजी कॉलेज गाजीपुर, हिंदू महाविद्यालय जमानियां, बयालसी महाविद्यालय जलालपुर, सल्तनत बहादुर महाविद्यालय बदलापुर एवं आरएसकेडी महाविद्यालय जौनपुर सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. धीरेन्द्र कुमार पटेल ने किया।
उद्घाटन सत्र के उपरांत रोवर्स-रेंजर्स प्रतियोगिताओं का संचालन सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त वाराणसी मंडल जय प्रकाश दक्ष द्वारा किया गया। इस दौरान निर्णायक मंडल, डीओसी जौनपुर राकेश मिश्रा, डीओसी गाजीपुर दिनेश सिंह यादव तथा प्रशिक्षक-प्रशिक्षिकाओं की सक्रिय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष शिव शंकर सिंह ओम, सम्प्रेक्षक राघवेन्द्र सिंह सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं अन्य महाविद्यालयों से आए प्रभारीगण उपस्थित रहे। अंत में प्राचार्य प्रो. सुनील प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समागम के आयोजन से पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा, जहां अनुशासन, सेवा और नेतृत्व के मूल्यों के साथ युवा ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
.jpg)
