भाजपा केवल दल नहीं, विचारधारा: अजीत प्रजापति
जौनपुर।भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई।
जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है, जिसमें राष्ट्र प्रथम और संगठन सर्वोपरि का भाव है। उन्होंने पदाधिकारियों को संगठन की रीढ़ बताते हुए जिले को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
बैठक में संगठन विस्तार, सोशल मीडिया की भूमिका और जनसंपर्क कार्यक्रमों पर चर्चा करते हुए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही, जबकि विधायक रमेश सिंह ने टीम भावना से कार्य करने का आह्वान किया। एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसु ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

