अंबेडकर जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा,कर्मचारी नेता राकेश श्रीवास्तव ने फीता काटकर किया रवाना
https://www.shirazehind.com/2026/04/blog-post_191.html
जौनपुर। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में नगर के मियांपुर मोहल्ले से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें जनसैलाब उमड़ पड़ा। शोभायात्रा में बाबा साहब के जीवन और उनके विचारों पर आधारित आकर्षक झांकियां लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के पूर्व अध्यक्ष राकेश कुमार श्रीवास्तव एवं डॉ. लालबहादुर सिद्धार्थ ने फीता काटकर किया। इसके बाद शोभायात्रा पारंपरिक उत्साह और जयकारों के बीच विभिन्न मार्गों से होते हुए आगे बढ़ी।
शोभायात्रा में शामिल लोगों ने बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलने और उनके सिद्धांतों को अपनाने का संकल्प लिया। पूरे मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर जुलूस का स्वागत किया, जिससे माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया।
इस अवसर पर जौनपुर सांसद बाबू सिंह कुशवाहा के प्रतिनिधि मनोज मौर्या सहित मियांपुर आंबेडकर समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। आयोजन समिति की सक्रियता और जनसहभागिता से कार्यक्रम सफल एवं यादगार बन गया।

