आधी रात ईंट-पत्थर बरसाकर भैंस लूट ले गए चोर, CCTV में कैद सफेद पिकअप

 


जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के छुंछा गांव में पशुपालकों के लिए दहशत फैलाने वाली वारदात सामने आई है। आधी रात को पिकअप सवार नकाबपोश चोरों ने ईंट-पत्थर चलाकर एक भैंस लाद ली, जबकि दूसरी भैंस को लादने के दौरान उसकी पूंछ टूट जाने से उसे छोड़कर फरार हो गए। पूरी घटना पास के पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। चार दिन के भीतर क्षेत्र में यह दूसरी बड़ी चोरी की घटना है।

जानकारी के अनुसार छुंछा गांव में पेट्रोल पंप के समीप रहने वाले राम शिरोमणि यादव का परिवार रात में भोजन के बाद सो गया था। बरामदे में बंधी भैंसों को निशाना बनाते हुए देर रात सफेद पिकअप से पहुंचे अज्ञात बदमाशों ने एक भैंस खोलकर वाहन पर लाद ली। इसके बाद चोर पड़ोसी नंदू चौरसिया के घर पहुंचे और उनकी भैंस भी खोलकर ले जाने लगे।

जब चोर भैंस को पिकअप पर चढ़ाने लगे तो भैंस जोर-जोर से चिल्लाने लगी। इस दौरान खींचतान में उसकी पूंछ टूट गई और खून बहने लगा। आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए और टॉर्च लेकर दौड़े। खुद को घिरता देख चोरों ने ईंट-पत्थर चलाकर ग्रामीणों को डराया और घायल भैंस को वहीं छोड़कर राम शिरोमणि यादव की भैंस लेकर छबीलेपुर की ओर फरार हो गए।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज में देखा कि सफेद पिकअप में भैंस लादकर बदमाश फरार हो रहे हैं। पीड़ित परिवार ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पीड़ित राम शिरोमणि यादव ने बताया कि उनकी भैंस काफी कीमती थी। उन्होंने यह भी बताया कि एक सप्ताह पहले कुछ लोग खुद को व्यापारी बताकर भैंस खरीदने आए थे, लेकिन मना करने पर लौट गए थे। आशंका जताई जा रही है कि वही लोग घटना में शामिल हो सकते हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले कुकुड़ीपुर गांव में रामसागर यादव की भैंस चोरी के दौरान बदमाशों द्वारा फायरिंग करने की भी बात सामने आई थी। वहीं देवकली क्षेत्र में अशोक यादव की दो भैंसें भी चोरी हो चुकी हैं। लगातार हो रही घटनाओं से पशुपालकों में भय का माहौल है, जबकि पुलिस अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है।

Related

JAUNPUR 3904379642825127389

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item