कांग्रेसियों ने मोहसिना किदवई को दी श्रद्धांजलि, दो मिनट का मौन रख किया नमन
जौनपुर। जिला कांग्रेस कमेटी जौनपुर के तत्वावधान में राजीव भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित शोकसभा में पार्टी कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर उनके प्रति सम्मान प्रकट किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मोहसिना किदवई का पूरा जीवन कांग्रेस पार्टी और देश सेवा को समर्पित रहा। वे मेरठ से तीन बार सांसद रहीं तथा इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की सरकार में केंद्रीय मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने उनके निधन को पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि उनके द्वारा किए गए कार्यों को कांग्रेस कभी नहीं भूल पाएगी।
शोकसभा को संबोधित करते हुए शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान ने कहा कि मोहसिना किदवई कौमी एकता की प्रतीक और गांधीवादी विचारधारा की सशक्त नेता थीं। उन्होंने कहा कि वे भारतीय राजनीति में महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत थीं और उनके निधन से देश ने एक सशक्त एवं ईमानदार नेतृत्व खो दिया है।
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने मोहसिना किदवई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष देवराज पांडेय, लाल प्रकाश पाल, राकेश सिंह ‘डब्बू’, अनिल दूबे ‘आजाद’, इरशाद खान ‘राजू’, सभासद शहनवाज मंजूर, राजकुमारी मिश्रा, राजेश तिवारी, जयप्रकाश मिश्रा, बबलू गुप्ता, प्रवेश निषाद, अरविंद यादव, संदीप निषाद, मुहम्मद अर्सलान खान, चंद्रशेखर निषाद, मु. दानिश, मु. अबुजर, साजिद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

