भाजपा के वरिष्ठ नेता राम आसरे सिंह का हृदयाघात से निधन, शोक की लहर
राम आसरे सिंह पिछले लगभग 40 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय सदस्य रहे। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने संगठन के प्रति निष्ठा, समर्पण और सेवा भाव का परिचय दिया। वे सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के लिए सदैव याद किए जाएंगे।
मछलीशहर भाजपा के निवर्तमान जिला मंत्री सत्यम सिंह तनु ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए बताया कि राम आसरे सिंह उनके बड़े पिताजी थे। उन्होंने कहा कि “बड़े पिताजी का इस तरह अचानक चले जाना हमारे परिवार के साथ-साथ पूरे भाजपा परिवार के लिए एक गहरी क्षति है। उन्होंने जीवनभर संगठन को मजबूत करने में अहम योगदान दिया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।”
स्वर्गीय राम आसरे सिंह का अंतिम संस्कार वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में परिजन, शुभचिंतक और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

