जौनपुर में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर डीएम और सांसद रवि किशन ने किया नमन, जनपद में हुए व्यापक आयोजन
जौनपुर। भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर जनपद में श्रद्धा और सम्मान के साथ विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र और गोरखपुर सांसद रवि किशन विशेष रूप से चर्चा में रहे।
कलेक्ट्रेट तिराहे पर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय लोकतंत्र में बाबा साहब का योगदान अविस्मरणीय है। वे केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि एक महान शिक्षाविद, समाज सुधारक और मानवता के प्रतीक थे। उन्होंने सभी से उनके आदर्शों—सामाजिक न्याय, समरसता और समानता—को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इसके पश्चात कलेक्ट्रेट सभागार में भी जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) परमानंद झा, अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने बाबा साहब के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इसी क्रम में विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। सीडीओ ने अपने संबोधन में शिक्षा, समानता और पारदर्शिता के मूल्यों को अपनाते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
वहीं, गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने अंबेडकर तिराहा पहुंचकर बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने बाबा साहब को संघर्ष, शिक्षा और सामाजिक न्याय की सशक्त प्रतीक बताते हुए कहा कि उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
जनपद की सभी तहसीलों और विकास खंडों में भी जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूरे जौनपुर में बाबा साहब की जयंती श्रद्धा, सम्मान और उनके आदर्शों को आत्मसात करने के संकल्प के साथ मनाई गई।

