टीडी इंटर कॉलेज में नए सत्र से शुरू हुई इंग्लिश मीडियम की पढ़ाई, बना जनपद में मिसाल
जौनपुर। नए शैक्षणिक सत्र के प्रथम दिन शहर के प्रतिष्ठित टीडी इंटर कॉलेज में ऐतिहासिक पहल करते हुए अंग्रेजी माध्यम से कक्षाओं का संचालन प्रारंभ कर दिया गया। कक्षा 6, 7, 8, 9 और 11 की पढ़ाई अब इसी सत्र से इंग्लिश मीडियम में भी कराई जाएगी। इसके साथ ही यह जनपद का पहला यूपी बोर्ड विद्यालय बन गया है, जहां अंग्रेजी माध्यम से नियमित शिक्षण शुरू हुआ है।
सत्र के शुभारंभ अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. सत्य प्रकाश सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां सरस्वती का पूजन एवं हवन कराकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद विद्यालय के मुख्य द्वार पर छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर, पुष्प वर्षा करते हुए उनका स्वागत किया गया तथा मिष्ठान एवं फल वितरित किए गए।
विद्यालय में प्रवेश के बाद सभी छात्र-छात्राओं ने अपनी-अपनी कक्षाओं में जाकर अंकपत्र प्राप्त किए। पूरे परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
इसके उपरांत जीव विज्ञान प्रयोगशाला में शिक्षकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रबंधक सत्य प्रकाश सिंह एवं प्रधानाचार्य डॉ. सत्य प्रकाश सिंह ने नए सत्र की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने वर्षभर आयोजित होने वाले शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां शिक्षकों को सौंपते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष जोर दिया।
बैठक के बाद जलपान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। विद्यालय प्रशासन की इस नई पहल को शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे छात्रों को बेहतर अवसर और प्रतिस्पर्धी वातावरण मिल सकेगा।

