बदलापुर पड़ाव–तूतिपुर के बीच पीपे का पुल जनता को समर्पित
जौनपुर। जनपद के शहरी क्षेत्र की जनता को अब जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलने जा रही है। गिरीश चंद्र यादव ने रविवार को गोमती नदी पर बदलापुर पड़ाव से तूतिपुर तक बने प्लाटून पुल (पीपे का पुल) का विधिवत पूजन कर लोकार्पण किया।
करीब 66.75 लाख रुपये की लागत से बने इस पुल का निर्माण कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा कराया गया है। पुल के शुरू होने से शहर के कई प्रमुख मोहल्लों के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या में कमी आएगी।
लोकार्पण के अवसर पर मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि जौनपुर शहर के बीचों-बीच बहने वाली गोमती नदी के कारण शहर दो हिस्सों में बंटा हुआ है। एक ओर आधी आबादी और दूसरी ओर आधी आबादी निवास करती है, जबकि आवागमन के लिए अब तक केवल तीन पक्के पुल ही उपलब्ध हैं, जिससे अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है।
उन्होंने बताया कि जाम की समस्या को देखते हुए पहले सिपाह अचला देवी घाट से मियापुर तक एक प्लाटून पुल बनाया गया था, जो पहले ही जनता को समर्पित किया जा चुका है। अब बदलापुर पड़ाव से तूतिपुर तक बना यह दूसरा पीपे का पुल भी लोगों के लिए राहत लेकर आया है।
इस पुल के शुरू होने से बदलापुर पड़ाव, कटघरा, ताड़तला, मखदूम शाह अढ़न, अबीरगढ़ टोला, तूतिपुर, पानदरीबा और पुरानी बाजार सहित कई क्षेत्रों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और उन्हें लंबा चक्कर लगाने से भी निजात मिलेगी।
कार्यक्रम में मंत्री ने यह भी बताया कि नितिन गडकरी से शिकायत के बाद शास्त्री पुल के समानांतर बन रहे नए पक्के पुल के निर्माण कार्य में तेजी लाई गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह निर्माण कार्य जल्द पूरा होगा, जिससे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और बेहतर हो जाएगी।
लोकार्पण कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष ब्रह्मदेव मिश्रा, नगर अध्यक्ष कमलेश निषाद, जिला महामंत्री अजय सिंह, मनीष श्रीवास्तव, सुरेंद्र सिंघानिया, सभासद नंदलाल यादव, विष्णु सेठ, सिपिन सिंह, मुन्ना सिंह, ब्रह्मेश शुक्ला, अभिषेक श्रीवास्तव, दीपू मिश्रा और जय विजय सोनकर सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कुल मिलाकर, यह नया पीपे का पुल जौनपुर शहर के लिए बड़ी राहत साबित होने वाला है और आने वाले समय में ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।

