जमीनी विवाद में हुई मारपीट में महिला समेत 3 घायल
https://www.shirazehind.com/2026/05/3.html
सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के भेला गांव में बुधवार सुबह जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। घटना में एक महिला समेत 3 लोग घायल हो गये। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के अनुसार भेला गांव निवासी इन्द्र कुमार पांडेय पुत्र स्व. उदयराज पांडेय ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि सुबह करीब 7 बजे उनके घर के पास गिरी मिट्टी को भरत प्रकाश पांडेय, चंद्र प्रकाश पांडेय उर्फ अभिषेक, भरत प्रकाश के पुत्र तथा कुसुम पत्नी भरत प्रकाश पांडेय अपनी जमीन में डाल रहे थे। विरोध करने पर सभी लोग गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गये।
आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे इन्द्र के भाई अरुण पर चंद्र प्रकाश उर्फ अभिषेक ने फावड़े से सिर पर हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। घटना में इन्द्र कुमार व उनकी मां शोभा देवी को भी चोटें आईं। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह मामला शांत कराया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने अरुण की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

