दूल्हा हत्याकाण्ड का चौथा आरोपी गिरफ्तार
https://www.shirazehind.com/2026/05/blog-post_87.html
नामजद अभियुक्त अब भी पुलिस पकड़ से दूर
खेतासराय, जौनपुर। चर्चित दूल्हा हत्याकांड में पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। थाना खेतासराय पुलिस टीम ने हत्या के मामले में वांछित चल रहे चौथे अभियुक्त आयुष यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हालांकि मामले में नामज़द 3 आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं जिससे पुलिस कार्रवाई पर सवाल भी उठने लगे हैं।पुलिस के अनुसार गत 1 मई को थाना क्षेत्र के मनेछा बादशाही मोड़ के पास दूल्हे की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज़ वारदात के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। इसी क्रम में गुरुवार तड़के 5:30 बजे भुडकुडहाँ मोड़ के पास चेकिंग अभियान के दौरान वांछित अभियुक्त आयुष यादव पुत्र अवधेश यादव निवासी सन्दहा थाना सरायख्वाजा को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी प्रदीप सिंह और उनकी टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आवश्यक पूछताछ के बाद अभियुक्त को संबंधित न्यायालय भेज दिया।
हालांकि पुलिस ने इस मामले में कई अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है लेकिन मुख्य नामज़द आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं। यही वजह है कि पूरे मामले को लेकर लोगों के बीच चर्चा और सवाल दोनों बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पुलिस लगातार मुठभेड़ और गिरफ्तारियों का दावा कर रही है तो आखिर मुख्य आरोपी अब तक गिरफ्त से बाहर कैसे हैं? क्या उन्हें कहीं से संरक्षण मिल रहा है या फिर पुलिस की कार्रवाई अभी अधूरी है?

