साइड मांगने पर युवक पर चाकू से हमला, 3 आरोपी गिरफ्तार
https://www.shirazehind.com/2026/05/3_7.html
सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के पट्टीनरेन्द्रपुर स्थित सरकारी अस्पताल के पास बुधवार शाम रास्ता मांगने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर 3 नामजद समेत 4 आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर 3 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।जानकारी के अनुसार स्थानीय जूड़ापुर गांव निवासी संजय सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका भाई राजन सिंह अपने साथी धर्मेन्द्र सिंह के साथ मोटरसाइकिल से सुलतानपुर जनपद के करौंदी कला थाना क्षेत्र स्थित दसगरपारा गांव में मुंडन संस्कार में शामिल होने जा रहा था। आरोप है कि पट्टीनरेन्द्रपुर अस्पताल के पास पहले से मौजूद स्थानीय पट्टीनरेन्द्रपुर निवासी आयुष सिंह तथा करौंदीकला क्षेत्र स्थित रामपुर दुबायल निवासी प्रियम सिंह एवं केकरचौर निवासी सौरभ सिंह तथा एक अज्ञात व्यक्ति से रास्ता मांगने पर विवाद हो गया।
पीड़ित पक्ष के अनुसार आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए राजन सिंह की मोटरसाइकिल रोक ली और उस पर चाकू से सिर व चेहरे पर कई वार कर दिये जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। बीच-बचाव करने पहुंचे धर्मेन्द्र सिंह के साथ भी मारपीट की गई तथा मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त कर जान से मारने की धमकी दी गई। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
थानाध्यक्ष यजुवेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 नामजद आरोपित आयुष सिंह, प्रियम सिंह एवं सौरभ सिंह को पट्टीनरेन्द्रपुर चौराहे से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष के साथ चौकी प्रभारी प्रद्युम्न मणि त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल ओम तिवारी, हेड कांस्टेबल रघुपति राम तथा कांस्टेबल रत्न लाल गिरी शामिल रहे। पुलिस ने आरोपितों का चालान न्यायालय भेज दिया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

