स्मार्ट मीटर बना सिरदर्द: जफराबाद में उफना ग्रामीणों का गुस्सा, बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

जफराबाद (जौनपुर)। स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों में बढ़ती नाराजगी अब सड़कों पर दिखने लगी है। नगर पंचायत जफराबाद के दरीबा मोहल्ले में मंगलवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सुबह करीब 11 बजे दर्जनों की संख्या में लोग हाथों में “स्मार्ट मीटर नहीं चाहिए” लिखी तख्तियां लेकर सड़कों पर उतर आए और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन में महिलाओं की भागीदारी भी खास तौर पर देखने को मिली। मालती चौहान, पुष्पा देवी, मनभा देवी, सीमा और जानकी समेत कई महिलाओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से उनके बिजली बिलों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हो गई है। उनका कहना है कि पहले जहां बिल सामान्य आता था, वहीं अब हर महीने भारी-भरकम रकम चुकानी पड़ रही है, जिससे घर का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।

ग्रामीणों ने साफ कहा कि उनकी आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं है कि वे इस तरह के बढ़े हुए बिलों का भुगतान कर सकें। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिल सुधार के लिए कई बार बिजली विभाग के चक्कर लगाने के बावजूद उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इससे लोगों में आक्रोश और बढ़ता जा रहा है।

प्रदर्शन के दौरान “बिजली विभाग हाय-हाय” और “स्मार्ट मीटर नहीं चाहिए” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। आक्रोशित ग्रामीणों ने एक स्वर में मांग की कि स्मार्ट मीटरों को तुरंत हटाया जाए और पुराने सिस्टम को बहाल किया जाए।

वहीं इस मामले पर जब बिजली विभाग के क्षेत्रीय एसडीओ विजय कुमार यादव से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि उन्हें अभी तक किसी भी विरोध प्रदर्शन की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। हालांकि उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि कोई शिकायत मिलती है, तो जांच कराकर उचित निस्तारण किया जाएगा।

प्रदर्शन में अशोक मौर्य, ओवैश खान, विवेक गिरी, विजय मौर्य, प्रेम चंद, संदीप मौर्य, शकुंतला, प्रेम जीवन, सीता देवी, फूला देवी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related

JAUNPUR 7293629871473984069

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item