शिक्षामित्रों को मिला सम्मान और बढ़ा मानदेय, कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में हुआ भव्य समारोह
जौनपुर:जनपद के कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षामित्र सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव, राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, एमएलसी बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’, जिलाध्यक्ष मछलीशहर डॉ. अजय सिंह, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन., मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया समेत अन्य अधिकारियों ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में अतिथियों ने सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें भी खिंचवाईं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने सभी अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर किया। इस दौरान लखनऊ से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया और उनके उद्बोधन को सुना गया।
बेसिक शिक्षा विभाग के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समां बांध दिया। साथ ही विभाग द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अतिथियों ने अवलोकन कर शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी ली।
राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने शिक्षामित्रों को मानदेय बढ़ने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाएं। उन्होंने बताया कि शिक्षामित्रों की लंबे समय से चली आ रही मांग को सरकार ने स्वीकार किया है और उन्हें कैशलेस चिकित्सकीय सुविधा से भी जोड़ा जा रहा है।
राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने इसे शिक्षामित्रों के लिए महत्वपूर्ण दिन बताते हुए कहा कि शिक्षा क्षेत्र में व्यापक बदलाव हुए हैं और डीबीटी के माध्यम से पारदर्शिता बढ़ी है। वहीं एमएलसी बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’ ने कहा कि शिक्षामित्र प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था की मजबूती में अहम भूमिका निभा रहे हैं और सरकार उनके हितों के लिए प्रतिबद्ध है।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल ने शिक्षामित्रों को शुभकामनाएं दीं, जबकि मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान आठ शिक्षामित्रों—सत्यनारायण गौड़, बिहारी लाल, राम प्रसाद यादव, शेषमा सिंह, शैल प्रजापति, मंजू श्रीवास्तव, संदीप कुमार और राजेश कुमार—को प्रतीकात्मक रूप से 18 हजार रुपये का चेक देकर सम्मानित किया गया।
वहीं शिक्षामित्रों सुमन यादव, चांदनी राय, मो. अब्बास और मीना सिंह ने मानदेय बढ़ने पर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन नूपुर श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व अजय अंबष्ट सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षामित्र, अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

