धनंजय सिंह के आश्वासन पर परिजनों ने आजाद बिंद का किया अंतिम संस्कार

जौनपुर। शादी के लिए बारात लेकर निकले दूल्हे आजाद बिंद की सनसनीखेज हत्या के बाद परिजनों का आक्रोश रविवार को 48 घंटे बाद जाकर शांत हुआ। हत्यारोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग पर अड़े परिवार ने अंततः पूर्व सांसद के आश्वासन के बाद अंतिम संस्कार के लिए सहमति दी। देर शाम नगर के पचहटिया स्थित रामघाट पर भारी पुलिस सुरक्षा के बीच मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।

ज्ञात हो कि शुक्रवार की शाम बारात के लिए निकले दूल्हा आजाद बिंद को रास्ते में अपाची सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ चार गोलियां मार दी थीं। गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाते समय ही उसकी मौत हो गई थी। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।

शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया, लेकिन परिजन हत्यारों के एनकाउंटर की मांग को लेकर शव को घर पर ही रखकर प्रदर्शन करते रहे। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश सरकार के मंत्री गिरीश चंद्र यादव, शाहगंज विधायक रमेश सिंह, जिलाधिकारी दिनेश चंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सहित कई अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने।

रविवार को पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए।

देर शाम लगभग छह बजे रामघाट पर मृतक के पिता राम लखन बिंद ने बेटे को मुखाग्नि दी। इस दौरान नगर कोतवाल विश्वनाथ प्रताप सिंह, लाइन बाजार थाना पुलिस और गौराबादशाहपुर थाना प्रभारी प्रवीण यादव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा के मद्देनजर पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई।

अंतिम संस्कार के दौरान स्वजनों के साथ सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे माहौल में गम और गुस्से का मिला-जुला असर देखने को मिला। प्रशासन ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।

Related

JAUNPUR 8262634957594815394

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item