रोडवेज बस की टक्कर से वृद्ध की मौत के मामले में बस चालक पर मुकदमा दर्ज
गौराबादशाहपुर, (जौनपुर)। थाना गौराबादशाहपुर क्षेत्र के अंतर्गत बनरहिया बाग के पास मंगलवार शाम रोडवेज बस की टक्कर से साइकिल सवार एक वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के स्वजन की तहरीर पर बस चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कबीरुद्दीनपुर निवासी अभिनव कुमार यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके 66 वर्षीय दादा जगरनाथ मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे साइकिल से बाजार जा रहे थे। जब वे जौनपुर-आजमगढ़ रोड पर स्थित बनरहिया बाग के पास संत कबीर दास मोड़ से 100 कदम आगे पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही दोहरीघाट डिपो की रोडवेज बस (यूपी 78 केएन 0339) के चालक दिनेश यादव ने लापरवाही से बस चलाते हुए उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में जगरनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए। स्वजन उन्हें आनन-फानन में एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मामले में थानाध्यक्ष गंगासागर मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर बस चालक दिनेश यादव के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक मुन्ना लाल शर्मा को सौंपी गई है।

