राममंदिर प्रकरण की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों पर हो कार्रवाई: राकेश सिंह
जौनपुर। अयोध्या के राममंदिर से जुड़े कथित चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के मुद्दे को लेकर बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कांग्रेस नेता राकेश सिंह डब्बू ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं, इसलिए राममंदिर से जुड़े किसी भी प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि यदि मंदिर से जुड़े चंदे, दान और अन्य संसाधनों के दुरुपयोग की शिकायतें सामने आई हैं तो उनकी उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में केवल औपचारिक जांच से काम नहीं चलेगा, बल्कि सच्चाई सामने लाने के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच करानी होगी।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ खान के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए पूरे प्रकरण में एफआईआर दर्ज कराने और न्यायिक जांच की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि राममंदिर देश की आस्था का प्रतीक है और इससे जुड़े मामलों में किसी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जा सकती।
प्रदर्शन में महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रेखा सिंह, राकेश मिश्रा, डॉ. राकेश मिश्र ‘मंगला गुरु’, अनिल दुबे आजाद, लाल प्रकाश पाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी।

