होटल के कमरे में अधेड़ का शव मिलने से सनसनी, मौत का कारण स्पष्ट नहीं
जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के जोगियापुर स्थित प्रसाद होटल के एक कमरे में शनिवार सुबह अधेड़ का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार, वाराणसी जनपद के बीरा पट्टी निवासी दिनेश कुमार (45) पुत्र मेवालाल शुक्रवार शाम होटल में ठहरे थे। शनिवार सुबह करीब 10 बजे तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकले तो होटल कर्मचारियों ने दरवाजा खुलवाकर देखा। कमरे के अंदर दिनेश कुमार मृत अवस्था में पड़े मिले।
घटना की सूचना मिलते ही होटल में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर सरायपोख्ता चौकी प्रभारी राहुल रंजन व उपनिरीक्षक पारस यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और उनके आने का इंतजार किया जा रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।
स्थानीय स्तर पर मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कोई हार्ट अटैक तो कोई आत्महत्या की आशंका जता रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

