जौनपुर में मिलावटी मसालों पर बड़ी कार्रवाई, 11 क्विंटल से अधिक मसाले सीज, सात नमूने जांच को भेजे
खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान, 1.73 लाख रुपये से अधिक कीमत का मसाला जब्त
जौनपुर। मिलावटी मसालों के भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बुधवार को जिले में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न बाजारों और विनिर्माण इकाइयों पर छापेमारी कर 11 क्विंटल 24 किलोग्राम मसाले (अनुमानित कीमत 1.73 लाख रुपये) जब्त कर सीज किए गए, जबकि सात नमूने जांच के लिए खाद्य विश्लेषक को भेजे गए।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय डॉ. मंजुला सिंह के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार जायसवाल के नेतृत्व में टीम ने पचहटियां, शाहगंज, बदलापुर सहित कई स्थानों पर कार्रवाई की।
पचहटियां स्थित मां शीतला ट्रेडिंग कंपनी से धनिया पाउडर और लाल मिर्च पाउडर के नमूने लिए गए तथा 360 किलोग्राम धनिया पाउडर और 750 किलोग्राम लाल मिर्च पाउडर सीज किया गया। वहीं मतापुर जगदीशपट्टी स्थित क्यारी एग्रो से खिचड़ी मसाला का नमूना लेकर 14 किलोग्राम मसाला जब्त किया गया।
इसके अलावा शाहगंज स्थित प्रतिमा इंटरप्राइजेज से लाल मिर्च पाउडर, शाहगंज ट्रेडिंग कंपनी से एमडीएच ब्रांड मिक्स मसाला, बदलापुर के प्यारेलाल हनुमानदीन से आरएल ब्रांड हल्दी पाउडर तथा सोईथा शीतलगंज बाजार से पतंजलि ब्रांड सब्जी मसाले के नमूने जांच के लिए लिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि सभी सात नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक के पास भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

