डीएम सैमुअल पॉल एन. ने किया एनएच-135 निर्माण कार्य का निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर
वाराणसी-अयोध्या को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग, भूमि अधिग्रहण के एवज में 236 करोड़ रुपये का हो चुका है भुगतान
जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने गुरुवार को निर्माणाधीन एनएच-135 (पैकेज-2) जौनपुर-शाहगंज सेक्शन का स्थलीय निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य, भूमि अधिग्रहण, किसानों को मुआवजा भुगतान तथा विभिन्न विभागीय स्वीकृतियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि एनएच-135 वाराणसी से अयोध्या को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मार्ग है, जिससे इस परियोजना का महत्व और बढ़ जाता है। उन्होंने कार्यदायी संस्था और संबंधित विभागों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को जल्द से जल्द इस सड़क का लाभ मिल सके।
मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट ने बताया कि भूमि अधिग्रहण के लिए निर्धारित 261 करोड़ रुपये के सापेक्ष अब तक 236 करोड़ रुपये किसानों को भुगतान किए जा चुके हैं। शेष भुगतान और अन्य औपचारिकताओं को भी तेजी से पूरा किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान प्रोजेक्ट डायरेक्टर सहित कार्यदायी संस्था के अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

