गांव की परिक्रमा के बाद माँ दुर्गा की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
खंडित प्रतिमा की जगह ग्रामीणों के सहयोग से स्थापित हुई नई प्रतिमा, भंडारे का भी हुआ आयोजन
जौनपुर। क्षेत्र के शिवपुर-खरचलपुर स्थित देवभूमि प्रांगण में बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माँ दुर्गा की नई प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। इससे पहले भव्य शोभायात्रा निकालकर प्रतिमा की पूरे गांव में परिक्रमा कराई गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।बताया जाता है कि कुछ दिन पूर्व मंदिर में स्थापित माँ दुर्गा की प्रतिमा को अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर नदी किनारे फेंक दिया था। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से नई प्रतिमा स्थापित कराने का निर्णय लिया।
धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत सोमवार को विंध्याचल से आए विद्वान ब्राह्मणों द्वारा प्रतिमा के जल एवं फल स्नान से हुई। मंगलवार को अन्न और विभिन्न प्रकार के पुष्पों से प्रतिमा का विशेष अभिषेक कराया गया। बुधवार को शोभायात्रा के माध्यम से प्रतिमा का गांव में भ्रमण कराने के बाद वैदिक विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा कर मंदिर में स्थापित किया गया।
शोभायात्रा में सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया।
मूर्ति स्थापना और धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में राजनाथ सिंह, जितेंद्र उर्फ बबलू सिंह, संतोष सिंह 'मुन्ना', विपिन सिंह, अजय सिंह, विनय सिंह, सिंहासन सिंह सहित शिवपुर और खरचलपुर गांव के ग्रामीणों ने सक्रिय सहयोग दिया।

