जौनपुर में ‘स्कूल चलो अभियान’ की भव्य रैली, 15 जुलाई तक और बढ़ेगा नामांकन: गिरीश चंद्र यादव

राज्यमंत्री ने कहा- कोई बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, जिलाधिकारी बोले- गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नियमित उपस्थिति से संवरेंगे बच्चों का भविष्य

जौनपुर। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से शैक्षिक सत्र 2026-27 में अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से गुरुवार को टाउन हॉल मैदान से ‘स्कूल चलो अभियान’ की जनपद स्तरीय जागरूकता रैली निकाली गई। खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली कोतवाली चौराहा, चहारसू, शाही किला और अटाला मस्जिद होते हुए पुनः टाउन हॉल मैदान पहुंचकर संपन्न हुई।

राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि पहले और दूसरे चरण में जनपद में करीब 60 हजार नए विद्यार्थियों का नामांकन हो चुका है तथा 15 जुलाई तक यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने शिक्षकों, अभिभावकों और समाज के लोगों से प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित कराने की अपील की।

उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। निपुण भारत मिशन का उल्लेख करते हुए उन्होंने शिक्षकों को समाज की सबसे बड़ी प्रेरक शक्ति बताया और कहा कि एक शिक्षक ही बच्चों को आईएएस, डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक तथा अन्य क्षेत्रों में सफल नागरिक बनने की दिशा देता है।

जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि विद्यालय चलो अभियान और निपुण भारत मिशन का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि सरकार डीबीटी के माध्यम से प्रत्येक छात्र-छात्रा को यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर एवं अन्य शैक्षिक सामग्री के लिए 1200 रुपये उपलब्ध करा रही है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन का वास्तविक प्रकाश है और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मजबूत शैक्षिक आधार आवश्यक है। प्रत्येक माह बच्चों की शैक्षिक प्रगति, स्वास्थ्य और अनुशासन को लेकर अभिभावकों से संवाद स्थापित किया जाएगा। उन्होंने गत वर्ष जनपद के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि इस वर्ष भी जौनपुर निपुण भारत मिशन में बेहतर स्थान प्राप्त करेगा।

रैली में छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा और जागरूकता संदेशों वाली तख्तियां लेकर लोगों को शत-प्रतिशत नामांकन और बच्चों की नियमित विद्यालय उपस्थिति के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्या, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, सभी खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक, एसआरजी, एआरपी, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संचालन रमेश चंद्र पटेल एवं नुपूर श्रीवास्तव ने किया।

Related

JAUNPUR 4595738999144777853

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item