श्री जगन्नाथ मंदिर में 15वें कड़ी-भात भंडारे में उमड़ा आस्था का सैलाब
महाआरती, भजन संध्या और विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद, मंदिर समिति ने अतिथियों का किया सम्मान
जौनपुर। टैगोर नगर स्थित बगीचा उमर खां में श्री जगन्नाथ जी मंदिर समिति के तत्वावधान में श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव के उपरांत 15वें विशाल कड़ी-भात भंडारे का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलभद्र एवं देवी सुभद्रा के भव्य श्रृंगार और महाआरती से हुई। इसके बाद मंदिर परिसर में आयोजित भजन संध्या में श्रद्धालु देर तक भक्ति रस में सराबोर रहे।
कार्यक्रम के दौरान हुई मूसलाधार बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं सकी। बारिश में भीगते हुए बड़ी संख्या में भक्तों ने कड़ी-भात का प्रसाद ग्रहण किया और भगवान श्री जगन्नाथ के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। भक्ति, आस्था और उत्साह से परिपूर्ण इस आयोजन ने सभी श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद से अभिभूत कर दिया।
इस सफल आयोजन में मंदिर के संस्थापक अश्विनी सहगल, पूजन पुरोहित पंडित धीरेंद्र चतुर्वेदी, चंद्र प्रताप सोनी, जयप्रकाश जायसवाल, सभासद मनीष देव विक्रम, रामरतन सेठ, अमन सहगल, पवन सोनी, संजय सेठ, संतोष गुप्ता, धीरज सोनी, प्रमोद गुप्ता, मनीष गुप्ता, सोमेश गुप्ता, नीरज शाह, दिनेश सेठ, रूपनारायण माली, गौरव भगत, साजन शर्मा, आनंद यादव, आयुष शाह, अरविंद सेठ, अनिल कुमार सेठ, प्रवीण पांडे, गोपाल शाह सहित अनेक नगरवासियों का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का स्वागत और आभार मंदिर समिति के अध्यक्ष राजेश सोनी ने व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए समिति के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और सहयोगियों को बधाई देते हुए उनके प्रति कृतज्ञता प्रकट की।

