सम्पूर्ण समाधान दिवस: डीएम-एसपी ने सुनीं 180 फरियादें, 6 शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण

जौनपुर। तहसील मड़ियाहूँ सभागार में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस में कुल 180 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

समाधान दिवस के दौरान ग्राम चतुर्भुजपुर निवासी जगरनाथ ने पथरगड्डी (मेड़बंदी) कराए जाने तथा ग्राम जैयरामपुर गोपालापुर निवासी राजमन ने राजस्व निरीक्षक स्तर से पथरगड्डी न किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने दोनों मामलों को नायब तहसीलदार मड़ियाहूँ को सौंपते हुए थाना प्रभारी के साथ संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

वहीं ग्राम सुरेरी निवासी मकरंद कुमार ने भूमि की पैमाइश कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। डीएम ने नायब तहसीलदार को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

समाधान दिवस में भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण, राजस्व और अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण संवेदनशीलता, पारदर्शिता और निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने राजस्व और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से मौके पर जाकर जांच करने तथा विवादित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा न्यायालयों के आदेशों के समयबद्ध अनुपालन पर भी विशेष जोर दिया।

पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, परियोजना निदेशक के.के. पांडेय, उपजिलाधिकारी मड़ियाहूँ, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related

डाक्टर 3799996457896744775

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item