शराब ठेके के कलेक्शन एजेंट ने रची लूट की साजिश, ₹68,840 गबन के लिए दी थी फर्जी सूचना; दो गिरफ्तार
जौनपुर। कोतवाली पुलिस ने शराब ठेके के कलेक्शन एजेंट द्वारा गबन की रकम छिपाने के लिए लूट की झूठी कहानी रचने का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने उनके कब्जे से गबन किए गए ₹68,840 भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार 17 जुलाई की शाम करीब छह बजे डायल-112 पर सूचना मिली थी कि भंडारी अंडरपास के पास एक कलेक्शन एजेंट से करीब एक लाख रुपये की लूट हो गई है। सूचना मिलते ही कोतवाली और लाइनबाजार पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की।
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल और बताए गए घटनाक्रम पर संदेह हुआ, क्योंकि यह स्थान हमेशा व्यस्त रहता है और दिन के उजाले में वहां इस तरह की वारदात होना असामान्य प्रतीत हुआ। सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में जब मामले की गहन जांच की गई तो पूरी घटना फर्जी निकली।
पुलिस की सख्ती से पूछताछ में कलेक्शन एजेंट विकास यादव ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी अलकेश यादव के साथ मिलकर ₹68,840 का गबन करने के उद्देश्य से लूट की झूठी सूचना दी थी। उसकी निशानदेही पर पूरी रकम बरामद कर ली गई। इसके बाद शराब ठेके के मालिक की तहरीर पर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
शनिवार को कोतवाली पुलिस ने विकास यादव पुत्र लालजीत यादव और अलकेश यादव पुत्र प्रेमनाथ यादव, दोनों निवासी ग्राम नाथूपुर, थाना जफराबाद, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक अनीता सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जयदीप एवं उनकी टीम ने की।

