राज्यपाल के प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने दीक्षांत समारोह की तैयारियों की समीक्षा की
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शनिवार को जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा के लिए महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विश्वविद्यालय प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने राज्यपाल के आगमन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, साफ-सफाई, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, चिकित्सा सुविधाएं, मंच व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि दीक्षांत समारोह की प्रत्येक व्यवस्था समयबद्ध, सुव्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपने-अपने दायित्वों का समय से निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि समारोह का आयोजन गरिमापूर्ण, सुरक्षित और निर्विघ्न रूप से संपन्न कराया जा सके।
बैठक के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी लिए गए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता, विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

