अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट की 30 दिवसीय नि:शुल्क ब्यूटी प्रशिक्षण कार्यशाला सम्पन्न, प्रशिक्षार्थियों को प्रमाणपत्र व स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित
जौनपुर। महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट द्वारा आयोजित 30 दिवसीय नि:शुल्क सौंदर्य प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन मंगलवार को खुज्झी मोड़ स्थित निखार ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण केंद्र पर हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ चौकियां धाम के महंत विनय कुमार त्रिपाठी तथा ट्रस्ट की संस्थापक दीक्षा सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि महंत विनय कुमार त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में बच्चियों को साक्षात देवी का स्वरूप माना गया है। सनातन परंपरा में बेटियों को लक्ष्मी, सरस्वती और दुर्गा का रूप माना जाता है, जो घर-परिवार में सुख, समृद्धि और संस्कार लेकर आती हैं। उन्होंने कहा कि बच्चियों को देवी का दर्जा देने का उद्देश्य समाज में उनका सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रत्येक ब्लॉक और तहसील स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
ट्रस्ट की संस्थापक दीक्षा सिंह ने कहा कि संस्था का उद्देश्य महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे अपने पैरों पर खड़ी होकर परिवार और समाज के विकास में योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
समापन समारोह में महंत विनय कुमार त्रिपाठी, दीक्षा सिंह, सीमा गुप्ता, क्षमा सिंह एवं उर्वशी सिंह ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली सभी महिलाओं और बालिकाओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्मृति चिन्ह एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यशाला में प्रशिक्षक के रूप में सरोज गुप्ता, डिम्पल गुप्ता, सुमन, आंचल और साक्षी यादव ने प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं में बेस्ट मेकअप का पुरस्कार संध्या यादव, बेस्ट हेयर कट का पुरस्कार संजना कन्नौजिया, बेस्ट हेयर डू का पुरस्कार अमृता दूबे तथा बेस्ट स्किन का पुरस्कार अनन्या को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में ट्रस्ट परिवार के सदस्यों के अलावा धरमू गुप्ता, शहजादी गुप्ता, दिनेश, उपेन्द्र, डिम्पल, राजीव प्रजापति सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

