राममंदिर चंदा चोरी के विरोध में कांग्रेस की 'सद्बुद्धि पदयात्रा', आरोपियों पर कार्रवाई की मांग

जौनपुर। अयोध्या स्थित राममंदिर में कथित चंदा चोरी और चढ़ावे में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने शहर में 'सद्बुद्धि पदयात्रा' निकाली। पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शहर कांग्रेस कार्यालय, सब्जी मंडी स्थित इंदिरा भवन से सद्भावना पुल के पास केरारवीर मंदिर तक पदयात्रा निकालकर कथित मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।

पदयात्रा के समापन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केरारवीर मंदिर परिसर में हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि राममंदिर में चंदे और चढ़ावे के नाम पर बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि यदि इन आरोपों में सच्चाई है तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नैतिक जिम्मेदारी तय करते हुए उनसे इस्तीफे की मांग भी की।

जिला उपाध्यक्ष राकेश सिंह "डब्बू" ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। राममंदिर से जुड़े चंदे और चढ़ावे में अनियमितताओं के आरोप बेहद गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार यदि दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण देती है तो जनता का विश्वास कमजोर होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनभावनाओं से जुड़े इस मुद्दे पर लगातार आवाज उठाती रहेगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान ने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले के मुख्य आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए।

पदयात्रा में यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप सोनकर, देवराज पांडेय, शैलेन्द्र यादव, कृष्णचंद निषाद, विजय वर्मा, अरुण शुक्ला, इरशाद खान, फैयाज हाशमी, आदिल शेख, शहनवाज मंजूर, साद खान, आकाश मौर्या, संदीप निषाद, अरविंद यादव, देवांश द्विवेदी, चंद्रशेखर निषाद, तौफीक अहमद, इकबाल हुसैन, मोहम्मद ताहिर, अबुजर शेख, साजिद मानू, संतोष निषाद, रिजवान अली खान, मजहर आसिफ सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी राकेश मिश्रा ने किया।

Related

JAUNPUR 1030181007942484605

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item