अब छुट्टी के दिन भी मिलेगा न्याय: सुबह 8 से रात 10 बजे तक खुलेगा जन सुविधा केन्द्र, जिलाधिकारी ने जारी किए सख्त निर्देश

 

जौनपुर। आमजन की शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से जनपद में स्थापित जन सुविधा केन्द्र अब प्रशासन और जनता के बीच एक प्रभावी सेतु का कार्य करेगा। जिलाधिकारी ने बताया कि यह केन्द्र प्रतिदिन प्रातः 8:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक संचालित रहेगा। विशेष रूप से शनिवार और रविवार को भी यह पूरी तरह सक्रिय रहेगा, क्योंकि अवकाश के दिनों में भूमि कब्जे और राजस्व संबंधी शिकायतें अधिक प्राप्त होती हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि केन्द्र के संचालन के लिए रोस्टरवार कर्मचारियों की तैनाती की गई है। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस विभाग द्वारा दोनों पालियों में दो-दो पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने कहा कि आपातकालीन मामलों में शिकायत दर्ज होते ही संबंधित लेखपाल और कानूनगो को व्हाट्सएप के माध्यम से तत्काल सूचना भेजी जाएगी, ताकि मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। शिकायतों के निस्तारण के बाद संबंधित शिकायतकर्ता से फीडबैक भी लिया जाएगा। इसके अलावा दो पक्षों के विवादों की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कराने की भी व्यवस्था की जा रही है, जिसकी सीधे जिलाधिकारी मॉनिटरिंग करेंगे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का तिथि-वार रजिस्टर और डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाए तथा उसकी प्रतिदिन प्रगति अपडेट की जाए। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद, अवैध कब्जा, दीवार निर्माण जैसे संवेदनशील मामलों में शिकायत मिलते ही राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंचे, ताकि विवाद का निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण हो सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जन सुविधा केन्द्र पर तैनात कर्मचारियों को संबंधित विभागों के अधिकारियों से सीधे समन्वय स्थापित करने का अधिकार होगा। यदि कोई अधिकारी शिकायत के निस्तारण में सहयोग नहीं करता, फोन नहीं उठाता या अनावश्यक विलंब करता है तो उसका विवरण रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा और उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि शिकायतों का विवरण रजिस्टर के साथ-साथ एक्सेल शीट में भी तिथि-वार दर्ज किया जाए, जिससे साप्ताहिक एवं दस-दिवसीय समीक्षा में लंबित मामलों की जवाबदेही तय की जा सके। साथ ही जन सुविधा केन्द्र और थानों के बीच वायरलेस सहित अन्य संचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग कर प्रत्येक शिकायत पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूर्ण जिम्मेदारी, संवेदनशीलता एवं समन्वय के साथ कार्य करते हुए आमजन को त्वरित राहत देने तथा शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, उप जिलाधिकारी सदर योगिता सिंह, अतिरिक्त उप जिलाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related

JAUNPUR NEWS 2471590089494430177

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item