सम्पूर्ण समाधान दिवस में 87 शिकायतें पहुंचीं, 7 का मौके पर निस्तारण; जमीन विवादों पर डीएम सख्त

 

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस में कुल 87 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 7 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

समाधान दिवस में ग्राम मई निवासी शिवशंकर गोसाई ने तालाब और चकमार्ग की भूमि से अवैध कब्जा हटाने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने कानूनगो और लेखपाल को जांच कर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, जमैथा निवासी छोटेलाल की चक सीमांकन संबंधी शिकायत पर एसीओ चकबंदी को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। ग्राम कादीपुर निवासी हरिश्चन्द्र द्वारा रास्ता अवरुद्ध किए जाने की शिकायत पर थाना प्रभारी जफराबाद और राजस्व निरीक्षक को संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवादों से संबंधित आती हैं, इसलिए ऐसे मामलों का निस्तारण निचले स्तर पर ही किया जाए। उन्होंने पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने तथा चकमार्गों पर अवैध कब्जे हटाने के निर्देश दिए।

बैठक में डीएम ने जनपद में प्रस्तावित वृहद पौधरोपण अभियान की तैयारियां समय से पूरी करने, पौधों का उठान, भूमि चिन्हांकन, गड्ढा खुदाई और पौधरोपण के दिन ही जियो टैगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मानसून को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने, विद्यालय परिसरों में जलभराव न होने देने तथा संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने गो-संरक्षण केंद्रों पर भूसा, चोकर और हरे चारे की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, सर्पदंश से बचाव के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने, शौचालयों के अधिकाधिक उपयोग के लिए लोगों को प्रेरित करने तथा सामुदायिक शौचालयों को पूरी तरह क्रियाशील बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही आकाशीय बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं में प्रभावित लोगों को 24 घंटे के भीतर राहत उपलब्ध कराने पर भी बल दिया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, क्षेत्राधिकारी गोल्डी गुप्ता, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, उप जिलाधिकारी सदर योगिता सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए के.के. पाण्डेय, जिला पंचायत राज अधिकारी नवीन सिंह, तहसीलदार सदर आशीष सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related

JAUNPUR 7180668194494115086

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item