श्रीराम मंदिर में चंदा चोरी आस्था से खिलवाड़, दोषियों पर हो कार्रवाई : अजय राय
अजय राय ने कहा कि श्रीराम मंदिर में कथित चंदा चोरी का मामला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से खिलवाड़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधी बेलगाम हो चुके हैं और पुलिस का भय समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने भगवान श्रीराम को भी नहीं छोड़ा और अब चंदे की चोरी जैसे गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। उनका आरोप था कि इस मामले के जिम्मेदार लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मंदिर में हुई कथित चंदा चोरी ने सभी आस्थावान लोगों को झकझोर दिया है। कांग्रेस इस मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग करती है। अजय राय ने दावा किया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी और 2029 में राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लखनऊ दौरे पर भी तंज कसा।
जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विकेश उपाध्याय 'विक्की' ने कहा कि श्रीराम मंदिर से जुड़े मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आस्था से जुड़े किसी भी मामले में दोषियों को राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए और निष्पक्ष जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाई जानी चाहिए।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह, शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ खान, राकेश मिश्रा, संदीप सोनकर, फैयाज हाशमी, अमित सिंह, सचिन यादव, दिनेश चौहान, सपा नेता सरफराज खान समेत अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

