इस बार हेलीकॉप्टर नहीं, ट्रेन से जौनपुर आएंगी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल
27 जुलाई को पीयू के 30वें दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 30वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल इस बार हेलीकॉप्टर के बजाय रेल मार्ग से जौनपुर पहुंचेंगी। राज्यपाल का 27 जुलाई का प्रस्तावित कार्यक्रम सामने आने के बाद रेलवे पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं।रेलवे पुलिस मुख्यालय और पुलिस अधीक्षक रेलवे, प्रयागराज कार्यालय से जारी निर्देशों के अनुसार राज्यपाल के प्रस्तावित रेल यात्रा कार्यक्रम को देखते हुए कानपुर, प्रयागराज और जौनपुर में जीआरपी को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्मों और रेल मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के साथ स्थानीय पुलिस, आरपीएफ और रेलवे प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया है।
बताया जा रहा है कि राज्यपाल 27 जुलाई को जौनपुर पहुंचकर वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 30वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन और विश्वविद्यालय स्तर पर भी तैयारियां शुरू हो गई हैं।
राज्यपाल के रेल मार्ग से आगमन को लेकर रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। जीआरपी, आरपीएफ और सिविल पुलिस संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे, ताकि राज्यपाल का दौरा पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

