मारपीट, फायरिंग और एफआईआर न दर्ज होने का आरोप, पीड़ित ने लगाई न्याय की गुहार
जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के मीरगंज गांव निवासी राजेश यादव ने अपने एवं परिवार पर जानलेवा हमले, फायरिंग और पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज न किए जाने का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित राजेश यादव में आज समाधान दिवस में दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को दोपहर लगभग 3:30 बजे गांव के ही संजय यादव, मुरलीधर यादव, लालजी यादव, अनिल यादव तथा अनुराग यादव ने कथित रूप से एकराय होकर उन पर और उनके परिवार के सदस्यों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित का आरोप है कि संजय यादव बंदूक लेकर हत्या की नीयत से उनके पीछे दौड़ा और फायरिंग भी की। उन्होंने बताया कि किसी तरह जान बचाकर वह और उनके परिजन मौके से भागने में सफल रहे।
राजेश यादव का कहना है कि घटना का वीडियो उनके पास उपलब्ध है, जिसमें कथित रूप से एक आरोपी बंदूक लेकर दौड़ाता हुआ दिखाई दे रहा है। उनका यह भी आरोप है कि घटना की शिकायत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से किए जाने के बावजूद अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
पीड़ित ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर एफआईआर दर्ज करने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।

