टीडी इंटर कॉलेज में यादों का महाकुंभ, हजारों पुरातन छात्रों ने जीया सुनहरा अतीत

 

जौनपुर। कभी जिन कक्षाओं में भविष्य के सपने बुने थे, शनिवार को उन्हीं गलियारों में वर्षों बाद कदम रखते ही पुरातन छात्रों की यादें ताजा हो उठीं। टीडी इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित पुरातन छात्र सम्मेलन भावनाओं, आत्मीयता और गुरु-शिष्य परंपरा का अनूठा संगम बन गया। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे करीब एक हजार पूर्व छात्रों ने अपने छात्र जीवन की स्मृतियों को साझा करते हुए पुराने दिनों को फिर से जीवंत कर दिया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद प्रत्याशी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता कृपा शंकर सिंह ने कहा कि "प्रतिभाएं कभी संपन्नता की मोहताज नहीं होतीं। पढ़ाई तो हर कोई करता है, लेकिन शिक्षित वही बनता है जो जीवन में संस्कार, अनुशासन और मूल्यों को अपनाता है।" उन्होंने कहा कि टीडी इंटर कॉलेज ने वर्षों से समाज को ऐसे ही संस्कारित नागरिक दिए हैं, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है।

वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह ने अपने छात्र जीवन की स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि विद्यालय में बिताए गए दिन आज भी उनके जीवन की सबसे अनमोल पूंजी हैं। उन्होंने अपने गुरुजनों को याद करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

सम्मेलन में पूर्व सांसद श्याम सिंह यादव, पूर्व सांसद धनंजय सिंह, पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, एमएलसी बृजेश सिंह 'प्रिंसू', एमएलसी विद्यासागर सोनकर, बानर सेना के अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष (सुल्तानपुर) डॉ. राम आशीष वर्मा, वरिष्ठ पत्रकार ओम प्रकाश सिंह, पूर्व छात्र नेता शिवेंद्र सिंह, प्रो. मनोज कुमार वत्स, पूर्व विधायक कुंवर वीरेंद्र प्रताप सिंह, एसटीएफ पुलिस अधीक्षक विशाल विक्रम सिंह, डॉ. तेज सिंह, अपर निदेशक सेवायोजन राजीव कुमार सिंह, डॉ. संजय सिंह, डॉ. बी.बी. सिंह 'नवाब', सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक डॉ. राम मोहन सिंह तथा जिला पंचायत सदस्य सर्वेश सिंह सहित अनेक गणमान्य पूर्व छात्रों ने अपने संस्मरण साझा किए।

कार्यक्रम की शुरुआत पंजीकरण, जलपान एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सत्य प्रकाश सिंह ने विद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए संस्थान की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं से अवगत कराया।

दोपहर के भोजनावकाश के बाद भी सम्मेलन का उत्साह कम नहीं हुआ। शाम तक चले कार्यक्रम में पूर्व छात्रों ने विद्यालय परिसर का भ्रमण किया, पुराने कक्षों और प्रांगण को देखा तथा अपने सहपाठियों और शिक्षकों के साथ तस्वीरें खिंचवाकर यादों को संजोया। वर्षों बाद मिले साथियों के बीच आत्मीय मुलाकातें पूरे आयोजन का सबसे भावुक पल रहीं।

कार्यक्रम का संचालन बीएचयू के प्रो. गुरु प्रसाद सिंह, कंचन पाठक और डॉ. सुनील कुमार सिंह ने किया। अंत में विद्यालय के प्रबंधक सत्य प्रकाश सिंह एवं प्रधानाचार्य डॉ. सत्य प्रकाश सिंह ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

सम्मेलन को सफल बनाने में शिक्षक रमेश चंद्र सिंह, राजीव कुमार सिंह, दिनेश सिंह सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने पूरे दिन अतिथियों के स्वागत-सत्कार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम की जानकारी विद्यालय के मीडिया प्रभारी बद्रीनाथ सिंह एवं सह मीडिया प्रभारी डॉ. मयंक शेखर झा ने दी।

Related

डाक्टर 4963671494596606405

एक टिप्पणी भेजें

  1. पुरातन छात्रों के लिए कालेज परिवार द्वारा आयोजित कार्यक्रम प्रशंसनीय,प्रेरणादायी एवं स्मरणीय रहेगा।

    जवाब देंहटाएं

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item