साझेदारी व्यापार के विवाद में युवक की पिटाई, मुकदमा दर्ज
चौकियां धाम, जौनपुर। नगर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव में साझेदारी व्यापार के विवाद को लेकर एक युवक के साथ मारपीट और गाली-गलौज किये जाने के मामले में पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।
बता दें कि लखनपुर निवासी मो. तौहीद ने मंगलवार को थाने पर तहरीर देकर बताया कि उनका चचेरा भाई आफताब आलम से अच्छे संबंध थे। आफताब के कहने पर ही उन्होंने साझेदारी व्यापार में व्यवसाय करने के लिए 'जनता इण्टरप्राइजेज' के नाम से फर्म खुलवाई थी। एसबीआई बैंक शाखा जौनपुर में अपना करेंट व सेविंग खाता खुलवाया था। आरोप है कि व्यवसाय के सिलसिले में आफताब ने कुछ चेक हस्ताक्षर करवाकर अपने पास रख लिए थे।
इसी दौरान मो. तौहीद की बहन से आफताब की मुकदमेबाजी को लेकर रंजिश हो गयी जिसके बाद उनकी व्यापारिक साझेदारी समाप्त हो गई जिस पर आफताब रंजिश रखने लगा। आरोप है कि बीते 21 जुलाई की सुबह करीब 8 बजे जब मो. तौहीद अपने हस्ताक्षर किये चेक मांगने आफताब आलम के घर गये तो आरोपी ने उन्हें गालियां देते हुए जमकर मारा-पीटा। इसकी शिकायत करने पर मामले में पुलिस ने मंगलवार रात को मुकदमा दर्ज कर लिया।

